Local

रायपुर: त्योहार से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, NDPS एक्ट में 4 गिरफ्तार

2026-09-17 04:08:15 bhaskar_hindi
रायपुर: त्योहार से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, NDPS एक्ट में 4 गिरफ्तार

रायपुर के नॉर्थ जोन में त्योहारी सीजन से पहले पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को की गई कार्रवाई में 14 लोगों पर शिकंजा कसा गया, जिसमें NDPS एक्ट के तहत 4 आरोपी और अवैध शराब-सट्टे के तस्कर शामिल हैं।


रायपुर: त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर की नॉर्थ जोन पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपना चेकिंग अभियान बेहद तेज कर दिया है। बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नशीली दवा, अवैध शराब और ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। इस एक दिनी अभियान में कुल 14 लोगों के खिलाफ वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

183 नशीली टैबलेट के साथ चार गिरफ्तार

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत चार आरोपियों पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के कब्जे से एक यामाहा बाइक (क्रमांक CG 04 LZ 9586) में छिपाकर रखी गई नाइट्र्राजेपम (Nitrazepam) की 19 पत्तियां बरामद की गईं, जिनमें कुल 183 नशीली टैबलेट्स थीं।

उरला में अवैध शराब और खमतराई में ऑनलाइन सट्टा पकड़ा

उरला थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेच रहे लोकेश वघेल उर्फ डोंगा के खिलाफ अपराध क्रमांक 470/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई। उसके पास से 33 पाउच देशी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 5.940 लीटर और अनुमानित कीमत 2,640 रुपए है। इसके अलावा, खमतराई थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी के खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कसा गया है।

कानून-व्यवस्था के तहत 8 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थानों के अंतर्गत 8 संदिग्ध बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इनमें खम्हारडीह से 3, गुढ़ियारी से 3, पंडरी से 1 और खमतराई से 1 व्यक्ति शामिल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नॉर्थ जोन में पेट्रोलिंग और चेकिंग लगातार जारी रहेगी और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से चलाया जाएगा।

Related