Local

सुकमा में CRPF को बड़ी सफलता, जंगल से 79 जिलेटिन स्टिक और नक्सली डंप बरामद

2026-10-28 05:20:25 bhaskar_hindi
सुकमा में CRPF को बड़ी सफलता, जंगल से 79 जिलेटिन स्टिक और नक्सली डंप बरामद

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सीआरपीएफ की 219वीं बटालियन ने एक बड़े नक्सली डंप का भंडाफोड़ किया है। अभियान के दौरान जवानों ने 79 जिलेटिन स्टिक और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद कर बड़ा खतरा टाल दिया है।


सुकमा: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआरपीएफ की 219वीं बटालियन की सी कंपनी ने एक सफल एंटी-नक्सल अभियान के तहत नक्सलियों के गुप्त डंप से भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई से किसी बड़े नक्सली षड्यंत्र को नाकाम कर दिया गया है।

डॉग् स्क्वॉड की मदद से चलाया गया सर्च ऑपरेशन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ की 219वीं बटालियन को 24 अक्टूबर को खुफिया इनपुट मिला था कि भेज्जी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोसलमुडगु के बाहरी जंगल में नक्सलियों ने भारी मात्रा में विस्फोटक छिपाकर रखे हैं। इसी सूचना के आधार पर 25 अक्टूबर को शाम 4 बजे इलाके में एरिया डोमिनेशन अभियान शुरू किया गया।

अभियान के दौरान DSMD और K9 डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। शाम करीब 5:35 बजे जवानों ने संदिग्ध स्थान की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक नीला कंटेनर मिला, जिसके अंदर विस्फोटक और नक्सली उपयोग का सामान छिपाया गया था।

क्या-क्या हुआ बरामद?

    • 79 जिलेटिन स्टिक
    • इलेक्ट्रिक वायर
    • कॉम्बैट बेल्ट और वर्दी
    • अन्य नक्सली सामग्री

बम निरोधक दस्ते ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इस खतरनाक सामग्री को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया। इसके बाद आसपास के इलाकों में भी गहन तलाशी अभियान चलाया गया। ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद सभी जवान शाम 7:20 बजे सुरक्षित भेज्जी कैंप लौट आए।

सीआरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे एंटी-नक्सल अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से नक्सलियों के मंसूबों को करारा झटका लगा है।

Related