Politics

कांग्रेस का भाजपा पर वोट चोरी का आरोप, 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान का ऐलान

2026-10-28 05:19:57 bhaskar_hindi
कांग्रेस का भाजपा पर वोट चोरी का आरोप, 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान का ऐलान

बिलासपुर में AICC पर्यवेक्षक नवज्योति पटनायक ने भाजपा पर वोट चोरी और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत हर ब्लॉक में कटे वोटों की जांच करने की घोषणा की है।


बिलासपुर: कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य और देश में 'वोट चोरी' और लोकतंत्र की हत्या का दावा किया है। बिलासपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान एआईसीसी (AICC) पर्यवेक्षक नवज्योति पटनायक ने कांग्रेस के 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

नवज्योति पटनायक ने कहा कि देश में संविधान को कमजोर किया जा रहा है और आम नागरिकों के अधिकारों पर सीधा हमला हो रहा है। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा को सबसे जरूरी बताया। कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर निर्वाचन आयोग से कड़े सवाल पूछे हैं।

हर ब्लॉक में होगी कटे हुए वोटों की जांच

पार्टी की रणनीति के तहत आगामी 1 नवंबर को होने वाले 'दिल्ली चलो' अभियान से पहले हर ब्लॉक स्तर पर कटे हुए वोटों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा विभिन्नप्रेस कांफ्रेंस में उठाए गए चुनावी आंकड़ों का हवाला देते हुए महाराष्ट्र (7 फरवरी 2025), महादेवपुरा (7 अगस्त 2025) और आलंद (सितंबर 2025) के मामलों का जिक्र किया है। पार्टी ने मांग की है कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच हो और आंकड़े सार्वजनिक किए जाएं।

एसआईआर (SIR) के आंकड़ों पर मांगा जवाब

पत्रकार वार्ता के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के आंकड़ों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने मांग की है कि प्रारूप मतदाता सूची और अंतिम सूची से हटाए गए नामों तथा न्यायाधिकरणों में लंबित अपीलों के आंकड़े अलग-अलग स्पष्ट किए जाएं। पार्टी ने भाजपा और आरएसएस के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए निर्वाचन आयोग से आधिकारिक जवाब और मूल दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग दोहराई है ताकि चुनावी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।