Top News

रायपुर: स्वास्थ्य संस्थानों में दीये जलाने का चैट वायरल, CMHO ने दिए निर्देश

2026-09-18 07:24:39 bhaskar_hindi
रायपुर: स्वास्थ्य संस्थानों में दीये जलाने का चैट वायरल, CMHO ने दिए निर्देश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत रायपुर में स्वास्थ्य संस्थानों को दीये जलाने का लक्ष्य दिया गया है। इससे जुड़ा सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी का एक चैट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक चैट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मिथलेश चौधरी द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में 'आशीर्वाद का दीया' जलाने का स्पष्ट लक्ष्य तय किया गया है। यह पूरा मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने और उनके जन्मदिन 17 सितंबर के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से जुड़ा हुआ है।

विभिन्न अस्पतालों और कार्यालयों के लिए तय हुआ टारगेट

वायरल चैट के अनुसार, रायपुर के जिला अस्पताल पंडरी और एमसीएच कालीबाड़ी में 1000-1000 दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सिविल अस्पताल में 700, सीएमएचओ कार्यालय में 500 और टीबी-मलेरिया कार्यालय में 300 दीये जलाने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भी आंकड़े निर्धारित किए गए हैं:

    • सभी सीएचसी (CHC): प्रति केंद्र 500 दीये
    • सभी पीएचसी (PHC): प्रति केंद्र 75 दीये
    • आयुष्मान आरोग्य मंदिर पीएचसी: प्रति केंद्र 100 दीये
    • आयुष्मान आरोग्य मंदिर सब-हेल्थ सेंटर: प्रति केंद्र 50 दीये
    • साधारण सब-हेल्थ सेंटर: प्रति केंद्र 20 दीये

17 सितंबर की शाम को होगा आयोजन

तय निर्देशों के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग के छोटे केंद्रों से लेकर बड़े अस्पतालों तक सभी को 17 सितंबर की शाम को एक साथ दीप जलाने की तैयारी पूरी करने को कहा गया है। प्रदेशभर में लोगों से शाम 7 बजे दीप जलाने की अपील की गई है, वहीं रायपुर में इसका मुख्य आयोजन मरीन ड्राइव पर प्रस्तावित है। हालांकि, इस वायरल चैट को लेकर अब विभिन्न चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Related