रायपुर की पुरानी बस्ती पुलिस ने प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक सूने मकान का शटर काटकर लाखों के जेवर और नगदी चुराने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3.50 लाख रुपए का मशरुक और बुलेट वाहन बरामद किया है।
रायपुर: राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रोफेसर कॉलोनी में एक सूने मकान का शटर काटकर लाखों रुपये के जेवर और नगदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में एक आरोपी पुरानी बस्ती थाने का निगरानी बदमाश निकला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल और वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल समेत करीब 3.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।
27 अगस्त को लगाया था ताला, 31 को हुआ खुलासा
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी मकान मालिक 27 अगस्त को घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 31 अगस्त को घर में काम करने वाली महिला ने फोन पर सूचना दी कि मकान का शटर गेट कटा हुआ है और अंदर का सामान बिखरा हुआ है। 1 सितंबर को जब मकान मालिक वापस लौटे, तो अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार और सैमसंग मोबाइल गायब मिला। इसके बाद थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
CCTV और मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और पुराने अपराधियों की कुंडली खंगालने पर पुलिस को सूचना मिली कि पुरानी बस्ती थाने का निगरानी बदमाश भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी घटना स्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था।
पुलिस ने भूपेन्द्र उर्फ गजनी (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपने साथी करण ताण्डी (24) के साथ मिलकर चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर सारा मशरुक बरामद कर लिया है। दोनों आरोपी पहले भी चोरी और नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके हैं।