कांकेर जिले में 'उजियारा' अभियान के तहत पुलिस ने स्कूल के पास नशीली टैबलेट बेच रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1,410 अल्प्राजोलम टैबलेट और करीब 70,500 रुपए का सामान जब्त किया गया है।
कांकेर: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'उजियारा' अभियान के तहत कोरर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्कूल के पास नशीली टैबलेट की खरीद-बिक्री करते हुए चार आरोपियों को धर दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां और नकदी बरामद की गई है।
स्कूल के पास चल रहा था अवैध कारोबार
एडिशनल एसपी योगेश साहू ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को किशनपुरी स्कूल के पास कुछ संदिग्धों द्वारा नशीली टैबलेट बेचने की सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोरर थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और खरीद-फरोख्त में शामिल चारों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
बालोद से तस्करी कर लाया था आरोपी
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी शेख सादिक अनस बालोद जिले से यह नशीली टैबलेट बेचने के लिए कांकेर आया था। पुलिस ने उसके पास से बिक्री के 6 हजार रुपए और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पकड़े गए अन्य आरोपियों की पहचान शेख शादाब खान, हिमांशु साहू और वसीम खान के रूप में हुई है।
कुल 70,500 रुपए का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से ALPRAZOLAM (ALZOMAC-0.5) की 1,410 टैबलेट बरामद की हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 25,500 रुपए है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 70,500 रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
विधिक कार्रवाई और पुलिस की अपील
सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम की धारा 22(ग) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है। कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।