Local

धमतरी में गंगरेल लूटकांड का पर्दाफाश, 2 नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

2026-09-17 04:14:36 bhaskar_hindi
धमतरी में गंगरेल लूटकांड का पर्दाफाश, 2 नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रुद्री पुलिस ने गंगरेल बांध इलाके में चाकू की नोक पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो नाबालिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी और हथियार बरामद किए हैं।


धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। रुद्री थाना पुलिस ने गंगरेल बांध इलाके में धारदार हथियार दिखाकर राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, चाकू और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं।

मानव वन मोड़ के पास दिया था वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, खिरकीटोला निवासी ढालसिंग नेताम (27) शाम के वक्त मानव वन के आगे तालाब मोड़ के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनकी जेब से 6 हजार रुपए नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।

शिकायत के आधार पर रुद्री थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी (तहसीलदार) के समक्ष उनकी शिनाख्त कराई गई। बालिग आरोपियों में निशांत उर्फ दीपू ध्रुव (23) और भरत यादव (22) शामिल हैं, जिन्हें आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है।

नंगरानाला जंगल में जुआ खेलते 5 गिरफ्तार

एक अन्य कार्रवाई में धमतरी के नगरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने नंगरानाला जंगल में दबिश दी। यहां जुआ खेल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से 16 हजार रुपए नकद, 7 मोबाइल फोन और 4 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त कुल सामान की कीमत करीब 1.43 लाख रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में भानेंद्र कुमार साहू, दिनेश तिवारी, राजकुमार भारद्वाज, प्रकाश नेताम और संदीप छत्तर शामिल हैं। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

Related