बिलासपुर जिला न्यायालय परिसर में पुरानी रंजिश के चलते दो वकीलों के बीच जमकर मारपीट हुई। बलौदाबाजार अग्निकांड के आरोपी ओम प्रकाश बंजारे और मुकेश बंजारे के खिलाफ पुलिस ने काउंटर केस दर्ज कर लिया है।
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश के चलते दो वकील आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों के बीच कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू हो गई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
आरक्षक की सूचना पर पहुंची पुलिस
कोर्ट परिसर में सुरक्षा के लिए तैनात आरक्षक ने तुरंत इस घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों अधिवक्ताओं को हिरासत में लेकर थाने ले आया। थाना प्रभारी (टीआई) किशोर केंवट ने बताया कि वकील ओम प्रकाश बंजारे और मुकेश बंजारे बुधवार को जिला कोर्ट में मौजूद थे, जहां किसी पुरानी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने काउंटर केस दर्ज कर लिया है।
बलौदाबाजार अग्निकांड से जुड़ा है नाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस विवाद में शामिल अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे का नाम चर्चित बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट अग्निकांड मामले में भी आ चुका है। इस घटना के बाद प्रशासनिक कार्रवाई के तहत उन्हें जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद उनका कोर्ट परिसर में मौजूद रहना और विवाद करना कई सवाल खड़े करता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों वकील पहले भीम आर्मी संगठन से जुड़े रहे हैं। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।