Local

सरगुजा: जंगली सूअर के शिकार के लिए फैलाया करंट, 14 वर्षीय बच्चे की मौत

2026-09-15 12:33:30 bhaskar_hindi
सरगुजा: जंगली सूअर के शिकार के लिए फैलाया करंट, 14 वर्षीय बच्चे की मौत

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली सूअर का शिकार करने के लिए खेत में फैलाए गए अवैध करंट की चपेट में आने से 14 साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ग्रामीण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बताौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांसाझाल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां जंगली सूअर का शिकार करने के लिए खेत में अवैध रूप से करंट फैलाए जाने के कारण 14 वर्षीय एक बच्चे की जान चली गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के मुताबिक, बांसाझाल निवासी रामकृष्णा कोरवा (14 वर्ष) शनिवार 12 सितंबर को अपने साथियों के साथ बाड़ी में झाड़ियों की सफाई कर रहा था। काम पूरा होने के बाद वह झाड़ी हटाने के लिए लकड़ी का डंडा लाने जा रहा था। इसी दौरान वह मनबहाल कोरवा के मक्के के खेत के पास से गुजर रहा था, जहां जंगली सूअर के शिकार के लिए जीआई तार (GI Wire) बिछाकर उसमें बिजली का करंट छोड़ा गया था।

रामकृष्णा की नजर छिपे हुए तारों पर नहीं पड़ी और उसका पैर करंट प्रवाहित तार से छू गया। झटके से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उसके पिता धनेश राम और अन्य परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही बतौली थाना प्रभारी विवेक सेंगर के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। साथ ही, घटनास्थल से जीआई तार और अन्य संदिग्ध सामग्री भी जब्त कर ली गई।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मनबहाल राम कोरवा (44 वर्ष) ने अवैध तरीके से बिजली के तार जोड़कर खेत के पास फंदा लगाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 105 और 135 विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।