Top News

राजनांदगांव में बाल आयोग सदस्य के घर 70-80 लाख की चोरी

2026-09-13 17:36:53 bhaskar_hindi
राजनांदगांव में बाल आयोग सदस्य के घर 70-80 लाख की चोरी

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में बाल आयोग के सदस्य कुल प्रकाश वालदे के घर मात्र 30-40 मिनट में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर अलमारी का लॉकर तोड़कर लाखों के गहने और नकदी ले उड़े।


छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ बसंतपुर थाना क्षेत्र के कौरिनभाटा इलाके में चोरों ने बाल आयोग के सदस्य कुल प्रकाश वालदे के मकान को अपना निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है कि घर महज 30 से 40 मिनट के लिए खाली था और इसी दौरान शातिर चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला।

मात्र 40 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 से 2:45 बजे के बीच की है। इस दौरान घर पूरी तरह खाली था। अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सबसे पहले हॉल में रखी अलमारी का लॉकर तोड़ा। इसके बाद वे बेडरूम में पहुंचे और वहाँ रखी अलमारी का डबल लॉकर भी तोड़कर कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, घर में रक्षाबंधन पर आई उनकी बहन के गहने भी रखे हुए थे, जो तीज पर्व के कारण यहीं छूट गए थे। चोर उन गहनों को भी साथ ले गए।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

पीड़ित कुल प्रकाश वालदे के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कुल कीमत बाजार में करीब 70 से 80 लाख रुपए है। हालांकि, बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेंद्र देवांगन ने बताया कि बिल दिखाने के आधार पर 2.5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 1.5 लाख रुपए नकद यानी कुल 4 लाख रुपए की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Related