छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उमरपोटी में 28 दिन पहले हुई नवविवाहिता रवीना यादव की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पति विपुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में दहेज में कार की मांग को लेकर प्रताड़ना का खुलासा हुआ है।
दुर्ग: जिले के उमरपोटी क्षेत्र में एक नवविवाहिता की मौत के मामले में उतई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के करीब 28 दिन बाद मृतका के पति के खिलाफ दहेज मृत्यु का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस सनसनीखेज मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
दहेज में कार की मांग और प्रताड़ना का आरोप
उमरपोटी के फेस-01 वेदांत नगर में 15 अगस्त 2026 को 23 वर्षीय रवीना यादव का शव पंखे से लटका मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। मृतका के पिता और जीजा ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर से दुर्ग पहुंचकर 11 सितंबर को एसपी से मुलाकात की थी और न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति विपुल यादव (27) दहेज में कार की मांग को लेकर रवीना को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
परिजनों ने लगाए थे गंभीर आरोप
परिजनों ने यह भी दावा किया था कि घटना से पहले पति के किसी अन्य महिला से संबंधों को लेकर विवाद हुआ था। आरोप था कि पति ने गुस्से में पत्नी को कमरे में बंद कर दिया था और रवीना ने रात में उसे 17 बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर वाले आरोपों की फिलहाल पुष्टि नहीं की है।
पुलिस की कार्रवाई
मर्ग जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति विपुल यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 457/2026 और बीएनएस की धारा 80(2) के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने 12 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।