Local

कर्मचारी चयन मंडल: परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए आधार सख्ती

2026-09-13 17:33:36 bhaskar_hindi
कर्मचारी चयन मंडल: परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए आधार सख्ती

छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में फर्जी और डमी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए आधार प्रमाणीकरण की तैयारी की जा रही है। आवेदन से लेकर जॉइनिंग तक डिजिटल माध्यम से पहचान सत्यापित होगी।


रायपुर: छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और फर्जीवाड़े पर लगाम कसने के लिए कर्मचारी चयन मंडल ने एक सख्त नई व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत अब परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए आधार प्रमाणीकरण (Aadhaar Authentication) लागू करने की तैयारी है।

कुछ महीने पहले ही गठित कर्मचारी चयन मंडल तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की भर्ती परीक्षाओं के साथ-साथ प्रवेश और पात्रता परीक्षाएं भी आयोजित करेगा। नई व्यवस्था के लागू होने से आवेदन, परीक्षा और जॉइनिंग तक के विभिन्न चरणों में अभ्यर्थियों की पहचान डिजिटल रूप से सत्यापित की जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि परीक्षा देने और नौकरी पाने वाला व्यक्ति एक ही है।

फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन से होगी जांच

परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान और चयन के बाद जॉइनिंग के समय फिंगरप्रिंट, आईरिस (आंखों की पुतली) स्कैन या ई-केवाईसी के जरिए पहचान की पुष्टि की जाएगी। हालांकि, फिलहाल यह प्रक्रिया पूरी तरह स्वैच्छिक होगी और अभ्यर्थी की लिखित सहमति से ही आधार प्रमाणीकरण किया जाएगा। तकनीकी समस्याओं के चलते आधार सत्यापित न होने पर भी अभ्यर्थियों को परीक्षा से बाहर नहीं किया जाएगा, बल्कि अन्य वैध दस्तावेजों से पहचान सुनिश्चित की जाएगी।

कर्मचारियों का भी होगा सत्यापन

इस नई व्यवस्था का दायरा केवल अभ्यर्थियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों का भी आधार प्रमाणीकरण किया जा सकेगा। इसका मुख्य उद्देश्य पूरी भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की हरसंभव गुंजाइश को खत्म करना है।

Related