दुर्ग के सूर्या टीआई मॉल स्थित स्पा सेंटर में पुलिस ने अचानक छापेमारी की। बिजली और पानी बंद होने के बावजूद अंदर 7 युवतियां मिलने पर पुलिस ने बाउंड ओवर की कार्रवाई की है।
दुर्ग: जिले के एक मॉल में संचालित स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायतों के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भिलाई के सूर्या टीआई मॉल के दूसरे तल पर चल रहे स्पा सेंटर में दुर्ग पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग की, जिससे हड़कंप मच गया।
बिजली-पानी बंद, फिर भी मौजूद थीं युवतियां
भिलाई नगर सीएसपी, डीएसपी, सुपेला थाना प्रभारी और स्मृति नगर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना के स्पा सेंटर पर छापा मारा। जांच के दौरान हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि सेंटर की बिजली और पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद थी, इसके बावजूद अंदर करीब 7 युवतियां और कुछ अन्य लोग मौजूद मिले।
नहीं मिला कोई ठोस सबूत, गिरफ्तारी नहीं
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी से गहन पूछताछ की और परिसर की बारीकी से जांच की। शुरुआती जांच में पुलिस को किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्य या अन्य गंभीर अपराध से जुड़ा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। इस वजह से फिलहाल किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
7 युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई
हालाँकि, संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए और भविष्य में इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। मौके पर मिली 7 युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक बाउंड ओवर की कार्रवाई करते हुए उन्हें सख्त हिदायत दी गई और मुचलके पर पाबंद किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में ऐसी कोई भी गैरकानूनी गतिविधि पाई जाती है, तो और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।