राजधानी रायपुर के विमतारा सभागार में वक्ता मंच और जन एकता फाउंडेशन द्वारा युवा अभिव्यक्ति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 युवाओं को 'युवा गौरव सम्मान' से नवाजा गया।
रायपुर: वक्ता मंच और जन एकता फाउंडेशन की ओर से स्थानीय विमतारा सभागार में 'युवा अभिव्यक्ति समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य कर रहे 50 युवाओं को 'युवा गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपसंचालक (वित्त) श्रद्धा सुमन एक्का ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की असली ताकत हैं और उनका सम्मान वास्तव में देश की ताकत का सम्मान है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ युवाओं का प्रदेश है, जहां धान की समृद्धि के साथ युवाओं का जोश और ईमानदारी इस राज्य की असली पहचान है। वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि मेकाहारा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, डॉ. अंशुली कलश और डॉ. उपेंद्र त्रिवेदी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और काव्य संग्रह का विमोचन
समारोह की शुरुआत प्रांजल सिंह राजपूत के भरथरी गायन और खेम यादव के छत्तीसगढ़ी लोकगीत से हुई। इसके बाद प्रणम तिवारी ने अपने शानदार कत्थक नृत्य से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सारंगढ़ के युवा कवि विजय कोसले के काव्य संग्रह 'आईना' का विमोचन भी किया गया, जिसके बाद उन्होंने अपनी कविताओं का पाठ भी किया।
विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं का चयन
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि इस वर्ष जल संरक्षण, लोक कला, जैव विविधता, रक्तदान, छत्तीसगढ़ी भाषा, खेल, लेखन, पत्रकारिता, शिक्षा और चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सक्रिय युवाओं का चयन सम्मान के लिए किया गया था। कार्यक्रम के अंत में प्रदेशभर में नशे की रोकथाम के लिए स्वैच्छिक प्रयासों को तेज करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। संचालन राजेश पराते और संयोजन शुभम साहू ने किया।