Local

कामधेनु विवि भर्ती विवाद: जांच के आदेश के बावजूद प्रक्रिया जारी, राज्यपाल तक पहुंचा मामला

2026-09-23 05:37:53 bhaskar_hindi
कामधेनु विवि भर्ती विवाद: जांच के आदेश के बावजूद प्रक्रिया जारी, राज्यपाल तक पहुंचा मामला

दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों के बीच मंत्री के स्थगन आदेश के बावजूद प्रक्रिया जारी है। मामले में स्थानीय विधायक ने राज्यपाल को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।


अंजोरा: दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, अंजोरा की भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। विश्वविद्यालय में विभिन्न पदों पर भर्ती में कथित अनियमितताओं की गंभीर शिकायतों के बाद, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। मंत्री की नोटशीट में स्पष्ट रूप से यह निर्देश दिया गया था कि जांच पूरी होने तक आगामी भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह स्थगित रखा जाए। हालांकि, इसके बावजूद विश्वविद्यालय में भर्ती विज्ञापन के आधार पर प्रक्रिया के आगे बढ़ने की बात सामने आ रही है, जिससे शासन के निर्देशों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

इन प्रमुख बिंदुओं पर मिली हैं शिकायतें

मंत्री की नोटशीट में विश्वविद्यालय से जुड़ी कई गंभीर शिकायतों का उल्लेख किया गया है, जिनमें निम्नलिखित मामले शामिल हैं:

    • वेतन संरक्षण और स्थानीय शिक्षकों की पदोन्नति
    • आरक्षण और रोस्टर निर्धारण तथा पहले से तय रोस्टर में बदलाव
    • बैकलॉग पदों पर भर्ती और नियमों के विपरीत दीर्घकालीन स्थापना
    • कार्यकारिणी परिषद के सदस्यों का अनुमोदन न लेना
    • स्वीकृत सेटअप से अधिक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करना

19 अगस्त को राज्यपाल को भेजा गया पत्र

इस पूरे मामले में स्थानीय विधायक ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए 19 अगस्त 2026 को राज्यपाल को पत्र लिखा है। पत्र में विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठाए गए हैं। विधायक ने अनुरोध किया है कि इस पूरी भर्ती प्रक्रिया को राज्य लोक सेवा आयोग या किसी अन्य प्रदेश स्तरीय एजेंसी के माध्यम से कराया जाए ताकि युवाओं के साथ न्याय हो सके। एक तरफ जहां उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए जा चुके हैं, वहीं दूसरी ओर प्रक्रिया जारी रहने से यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।

Related