छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई निवास ग्राउंड में अभ्यास कर रहे 13 खिलाड़ियों के मोबाइल एक स्कूटी की डिक्की से चोरी हो गए। मोबाइल में परीक्षा के प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेज भी थे, जिससे खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। भिलाई निवास के सामने स्थित साइकिल पोलो ग्राउंड में अभ्यास करने पहुंचे 13 खिलाड़ियों के एंड्रॉइड मोबाइल अज्ञात चोरों द्वारा चुरा लिए गए। सभी खिलाड़ियों ने अपने फोन सुरक्षित समझकर एक ही स्कूटी की डिक्की में रखे थे, लेकिन जब अभ्यास खत्म होने के बाद डिक्की खोली गई तो सभी फोन गायब मिले।
जानकारी के मुताबिक, जयंती स्टेडियम बंद होने के कारण ये खिलाड़ी इन दिनों भिलाई निवास ग्राउंड में अभ्यास कर रहे हैं। घटना के बाद खिलाड़ियों ने तुरंत आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद खिलाड़ी अपने कोच आर. सुनील कुमार के साथ भिलाई नगर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परीक्षा के प्रवेश पत्र और दस्तावेज थे मोबाइल में
चोरी हुए सभी मोबाइल एंड्रॉइड हैं। खिलाड़ियों ने बताया कि इन फोन्स में सिर्फ उनके नंबर या तस्वीरें नहीं थीं, बल्कि आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रवेश पत्र, पढ़ाई से जुड़े जरूरी दस्तावेज और महत्वपूर्ण जानकारियां भी थीं। अचानक हुई इस चोरी से खिलाड़ियों की पढ़ाई और खेल की तैयारी दोनों पर गंभीर असर पड़ा है।
निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों से हैं खिलाड़ी
कोच आर. सुनील कुमार ने बताया कि सभी खिलाड़ी सामान्य और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। एक साथ 13 नए मोबाइल खरीदना उनके लिए बेहद मुश्किल है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। खिलाड़ियों और उनके परिजनों ने पुलिस और क्राइम ब्रांच से अपील की है कि वे जल्द से जल्द चोरी हुए मोबाइल बरामद करें ताकि उनकी पढ़ाई और करियर को बचाया जा सके।