Local

सरगुजा: एकलव्य स्कूल की छात्राएं कलेक्टर से मिलने निकलीं पैदल, मचा हड़कंप

2026-09-08 09:46:12 bhaskar_hindi
सरगुजा: एकलव्य स्कूल की छात्राएं कलेक्टर से मिलने निकलीं पैदल, मचा हड़कंप

सरगुजा के शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की 30 से अधिक छात्राएं हॉस्टल की समस्याओं और प्रिंसिपल की मनमानी से नाराज होकर कलेक्टर से मिलने 30 किलोमीटर पैदल ही अंबिकापुर के लिए निकल पड़ीं। मौके पर पहुंचे ट्राइबल एसी ने बस की व्यवस्था कर उन्हें रवाना किया।


सरगुजा: जिले के शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। हॉस्टल की गंभीर अव्यवस्थाओं और प्रिंसिपल की मनमानी से तंग आकर 30 से अधिक छात्राएं अपनी शिकायत सीधे जिला कलेक्टर तक पहुंचाने के लिए 30 किलोमीटर दूर अंबिकापुर के लिए पैदल ही निकल पड़ीं। सुरक्षा के लिहाज से स्कूल के टीचर्स भी उनके साथ पैदल चलते नजर आए।

ट्राइबल एसी से बात करने से किया इनकार

छात्राओं के पैदल अंबिकापुर कूच करने की खबर मिलते ही ट्राइबल असिस्टेंट कमिश्नर (AC) ललित शुक्ला आनन-फानन में बैलकोटा पहुंचे। एसी शुक्ला ने छात्राओं को रोकने और मनाने का प्रयास किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें प्रिंसिपल से कोई समस्या है, तो वे आज से स्कूल नहीं आएंगे। हालांकि, आक्रोशित छात्राओं ने असिस्टेंट कमिश्नर से बात करने और अपनी समस्याएं बताने से साफ इनकार कर दिया। वे सिर्फ कलेक्टर से मिलकर ही अपनी बात रखने की जिद पर अड़ी रहीं।

बस की व्यवस्था कर छात्राओं को किया गया रवाना

छात्राओं के नहीं मानने पर आखिरकार प्रशासन को झुकना पड़ा। बैलकोटा में ही बस की व्यवस्था की गई, जिसके बाद छात्राओं को बस से अंबिकापुर रवाना किया गया। जानकारी के मुताबिक, शिवपुर स्कूल की छात्राओं ने पहले भी कई बार अव्यवस्था और प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। इसी अनदेखी के चलते छात्राओं को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।

शिक्षकों का दावा- छात्राओं को भड़काया गया है

दूसरी ओर, स्कूल के शिक्षकों ने प्रिंसिपल का बचाव किया है। शिक्षकों का कहना है कि प्रिंसिपल नियमानुसार काम करते हैं और इस पूरे मामले में छात्राओं को किसी ने भड़काया है, जिसके चलते वे किसी से बात तक नहीं कर रही हैं। फिलहाल, मामला प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में है और छात्राओं के अंबिकापुर पहुंचने पर आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।

Related