दुर्ग जिले के कोहका क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तिरपाल के नीचे छिपाई गई प्रतिबंधित कहुआ प्रजाति की लकड़ी बरामद की है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामला वन विभाग को सौंप दिया है।
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने अवैध लकड़ी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 7 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध माजदा वाहन से प्रतिबंधित कहुआ प्रजाति की इमारती लकड़ी और अन्य मिश्रित प्रजातियों का काष्ठ बरामद किया है। आरोपी चालक वैध दस्तावेज दिखाने में असमर्थ रहा, जिसके बाद पुलिस ने वाहन और लकड़ी को जब्त कर लिया।
अवंतीबाई चौक, कोहका के पास हुई कार्रवाई
स्मृतिनगर चौकी पुलिस क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान अवंतीबाई चौक, कोहका के पास माजदा वाहन (क्रमांक CG-19-H-1154) संदिग्ध हालत में नजर आया। पुलिस ने जब वाहन को रोककर तलाशी ली, तो उस पर तिरपाल ढका हुआ था। तिरपाल हटाने पर अंदर भारी मात्रा में लकड़ी लदी हुई पाई गई।
दस्तावेज मांगने पर नहीं दिखा सका कागजात
पुलिस ने जब चालक से लकड़ी के परिवहन, स्रोत और वैधानिक अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वह मौके पर कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन, चालक और लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया और स्मृतिनगर चौकी ले आई।
मामला वन विभाग के सुपुर्द
चौकी में प्रारंभिक कानूनी प्रक्रिया और पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने पाया कि यह मामला वन विभाग के अधिकार क्षेत्र से जुड़ा है। इसके बाद जब्त वाहन, आरोपी चालक और लकड़ी को आगे की वैधानिक जांच के लिए वन विभाग भिलाई-03 परिक्षेत्र के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। अब वन विभाग लकड़ी की मात्रा, प्रजाति और उसके अवैध कटाई के स्रोतों की गहराई से जांच कर रहा है।