रायपुर में यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कोतवाली-जयस्तंभ मार्ग और लोधीपारा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान 50 से अधिक दुकानदारों पर कार्रवाई की गई और बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाए गए।
रायपुर: शहर में सड़क और फुटपाथ पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के खिलाफ यातायात पुलिस और नगर निगम ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोतवाली चौक से जयस्तंभ चौक और लोधीपारा चौक से मंडी गेट मार्ग पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में नगर निगम की 'प्रहरी' टीम के साथ मिलकर की गई।
कोतवाली से जयस्तंभ मार्ग पर दो दिन चली कार्रवाई
कोतवाली चौक से मालवीय रोड होते हुए जयस्तंभ चौक तक लगातार दो दिनों तक चले अभियान में सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर यातायात बाधित करने वाले 50 से अधिक दुकानदारों पर शिकंजा कसा गया। इस दौरान प्रशासन ने 4 ठेले, 12 टेबल, 15 कपड़ा स्टैंड, 5 फ्लेक्स बोर्ड और तिरपाल स्टैंड जब्त किए। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से 4 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया।
लोधीपारा-मंडी गेट मार्ग पर चला बुलडोजर
दूसरी ओर, लोधीपारा चौक से मंडी गेट मार्ग पर सड़क किनारे बनाए गए 3 अवैध अस्थाई अतिक्रमणों को बुलडोजर की मदद से जमींदोज कर दिया गया। साथ ही 11 दुकानों से अवैध प्रचार सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस सख्त कार्रवाई के बाद उक्त मार्ग पर यातायात काफी हद तक सुचारू हुआ है और जाम की समस्या से राहत मिली है।
गणेश चतुर्थी को लेकर प्रशासन सतर्क
आगामी गणेश चतुर्थी के त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर श्रद्धालुओं व आम नागरिकों की भारी आवाजाही की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन शहर के रास्तों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखना चाहता है। यातायात पुलिस ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ या डिवाइडर पर अपना सामान या प्रचार सामग्री न रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित में यह संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।