महासमुंद जिले के बसना में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में व्यापक अव्यवस्थाएं सामने आई हैं। टीनशेड की गर्मी और छात्राओं के लिए चेंजिंग रूम न होने से नाराज खिलाड़ियों और अभिभावकों ने DEO को ज्ञापन सौंपा है।
महासमुंद: जिले के बसना में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता इन दिनों शिक्षा विभाग की लचर व्यवस्था के चलते सुर्खियों में है। रायपुर, गरियाबंद, धमतरी और बलौदाबाजार जिलों से पहुंचे 200 से अधिक खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतियोगिता के दौरान कथित अव्यवस्थाओं के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
अचानक बदला गया आयोजन स्थल
आरोप है कि शिक्षा विभाग ने बिना किसी ठोस तैयारी के पहले से तय आयोजन स्थल को बदलकर दूसरे स्थान पर प्रतियोगिता आयोजित कराई। नया स्थल खिलाड़ियों की संख्या के लिहाज से काफी छोटा साबित हुआ, जिससे बैठने और आराम करने की उचित जगह तक नहीं मिल पाई।
टीनशेड की गर्मी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव
खिलाड़ियों का मुख्य आरोप है कि आयोजन स्थल पर टीनशेड होने के कारण भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि पंखे और कूलर लगाए गए थे, लेकिन वे नाकाफी साबित हुए। इसके अलावा, वॉशरूम की कमी और छात्राओं के लिए चेंजिंग रूम जैसी बेहद जरूरी सुविधा न होने से खिलाड़ियों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा पत्र
परेशान खिलाड़ियों और अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बीएल देवांगन को लिखित शिकायत देकर तत्काल व्यवस्था सुधारने या आयोजन स्थल बदलने की मांग की है। इस मामले में शिक्षा विभाग का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से खिलवाड़ को लेकर अभिभावकों ने कड़ा ऐतराज जताया है।