Top News

कोरबा: पेट्रोल पंप की पानी टंकी में मिला कर्मचारी का शव, मची सनसनी

2026-09-08 09:47:10 bhaskar_hindi
कोरबा: पेट्रोल पंप की पानी टंकी में मिला कर्मचारी का शव, मची सनसनी

कोरबा के मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप पर ड्यूटी के दौरान गायब हुए 39 वर्षीय कर्मचारी का शव पानी और पेट्रोल से भरी टंकी में मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप की पानी की टंकी से एक कर्मचारी का शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

ड्यूटी के दौरान अचानक हुआ था गायब

मृतक की पहचान 39 वर्षीय ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में राताखार में रह रहे थे। ओम प्रकाश आरजी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डालने का काम करते थे और अपनी दूसरी शिफ्ट की ड्यूटी पर आए हुए थे। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय पंप पर तीन कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान ओम प्रकाश अचानक गायब हो गए।

टंकी में पानी के साथ मिला पेट्रोल

काफी देर तक जब ओम प्रकाश नजर नहीं आए, तो साथी कर्मचारी खुशी मिश्रा ने पंप संचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद खोजबीन शुरू की गई, तो पेट्रोल टंकी से लगी पानी की टंकी में उनका शव मिला। हैरान करने वाली बात यह है कि पानी की टंकी में पानी के साथ पेट्रोल भी मिला हुआ था और मृतक के शरीर से पेट्रोल की तेज गंध आ रही थी।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को टंकी से बाहर निकलवाकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को आशंका है कि मृतक शराब के नशे में हो सकता है, क्योंकि वह शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। हालांकि, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टंकी में पेट्रोल कैसे पहुंचा और मृतक वहां तक कैसे गिरा।

Related