Top News

कांकेर: विधायक के बेटे पर बस ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल

2026-09-08 09:48:19 bhaskar_hindi
कांकेर: विधायक के बेटे पर बस ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल

कांकेर में शनिवार देर रात कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी के बेटे अमन मंडावी पर बस ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शनिवार देर रात उस वक्त जमकर हंगामा हुआ, जब जिला युवा कांग्रेस के प्रत्याशी और कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी के बेटे अमन मंडावी पर बस के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिंद्रा बस को ओवरटेक करने को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि अमन मंडावी शराब के नशे में कार चला रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बस के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ बदसलूकी और मारपीट की। वायरल वीडियो में बस ड्राइवर एक युवक की ओर इशारा करते हुए यह दावा करता नजर आ रहा है कि शराब के नशे में वाहन चलाते हुए उसके साथ मारपीट की गई है।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अमन मंडावी को थाने ले आई, हालांकि सुबह उन्हें छोड़ दिया गया। इस मामले में बस ड्राइवर और कंडक्टर ने राजनीतिक दबाव के चलते सख्त कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया है।

वहीं, कांकेर कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने पूरे मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर थाने बुलाया था, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जांच और स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related