Top News

जशपुर में गौवंश तस्करी का पर्दाफाश, 14 मवेशी मुक्त, एक तस्कर गिरफ्तार

2026-09-09 10:15:42 bhaskar_hindi
जशपुर में गौवंश तस्करी का पर्दाफाश, 14 मवेशी मुक्त, एक तस्कर गिरफ्तार

जशपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड ले जाए जा रहे 14 गोवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि दो फरार हो गए हैं।


जशपुर: मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत जंगल के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे 14 गोवंशों को सकुशल मुक्त कराया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 1 बजे सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बोरोकोना के जंगल के रास्ते ग्राम खरसोता स्थित पुलिया के पास से मवेशियों को पैदल हांककर अवैध रूप से झारखंड ले जा रहे हैं। तस्कर मवेशियों के साथ मारपीट भी कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए खरसोता के लिए प्रस्थान किया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे मवेशियों को छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीछा कर एक संदिग्ध को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रेम सुधार राम (28), निवासी ग्राम डड़गांव (चौकी मनोरा, जिला जशपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस ने बरामद सभी 14 गौवंशों की पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य जांच कराई है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गौवंश तस्करी में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार चल रहे दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत जशपुर में अवैध तस्करी के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Related