दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा एच1एन1 का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक एक ही दिन में 5 नए पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है।
दुर्ग: जिले में स्वाइन फ्लू (इन्फ्लुएंजा एच1एन1) का संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। स्वास्थ्य विभाग की 3 सितंबर की रिपोर्ट ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि एक ही दिन में 5 नए मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही 5 अगस्त से अब तक जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नए मिले 5 मरीजों में से 2 को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 3 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखकर इलाज किया जा रहा है। फिलहाल जिले में कुल 10 एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 7 अस्पतालों में और 3 घर पर डॉक्टरों की निगरानी में हैं। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य है।
अस्पतालों में बढ़ाई गईं तैयारियां, 158 बेड आरक्षित
संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में व्यवस्थाएं और तेज कर दी हैं। जिले में मरीजों के लिए 23 आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं, जिनमें कुल 158 बिस्तर रिजर्व रखे गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने पाटन, निकुम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बटरेल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा कर आइसोलेशन वार्डों और चिकित्सा तैयारियों का जायजा लिया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
विशेषज्ञों के मुताबिक एच1एन1 खांसने और छींकने के दौरान निकलने वाली बूंदों से फैलता है। तेज बुखार, खांसी, गले में दर्द और कमजोरी इसके प्रमुख लक्षण हैं। डॉक्टरों ने अपील की है कि बुखार या सांस से जुड़ी परेशानी को सामान्य वायरल मानकर नजरअंदाज न करें। खांसते समय मुंह ढकें और भीड़भाड़ से दूरी बनाए रखें।