दुर्ग के जामुल थाना क्षेत्र में बुलेट पर स्टंट कर रील बना रहे शराबी युवक को पुलिस ने दबोचा। अपने दोस्त को बचाने थाने पहुंचे पांच अन्य शराबी युवक भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 7 सितंबर की रात करीब 2 बजे एक बुलेट (CG 04 MY 3982) पर तीन युवक सवार होकर तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चला रहे थे और मॉडिफाइड साइलेंसर से आवाज निकालकर रील बना रहे थे। पुलिस ने जब इन्हें रोका तो वाहन चालक पवन तिवारी (निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल) शराब के नशे में मिला। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
दोस्त को बचाने पहुंचे शराबी दोस्त खुद फंसे
मुख्य आरोपी पर कार्रवाई के महज पांच मिनट बाद ही एक बिना नंबर प्लेट की काली थार गाड़ी से पांच युवक जामुल थाने पहुंच गए। पुलिस को शक होने पर इन सभी पांचों युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें सभी के शराब पीने की पुष्टि हुई।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान अंश कुमार (22), नमन पगार (19), अमित कुमार जायसवाल (20), नितिन शर्मा (23) और आर्यन मिश्रा (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान (थाना परिसर) पर शराब के नशे में पाए जाने और लोक शांति भंग करने के आरोप में आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
थार गाड़ी पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एक्शन
थाने पहुंचे युवकों की काले रंग की थार गाड़ी के शीशों पर ब्लैक फिल्म (काली फिल्म) लगी हुई थी और वाहन के जरूरी दस्तावेज भी पेश नहीं किए जा सके। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी थार पर कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रात के समय सड़कों पर इस तरह के खतरनाक स्टंट और रील बनाना आम जनता की जान जोखिम में डाल सकता है, इसलिए ऐसे हुड़दंगियों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जाएगी।