छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने परिवारों की सटीक जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ऑनलाइन परिवार सर्वेक्षण शुरू किया है। मोबाइल के जरिए कुछ ही मिनटों में इस सर्वे फॉर्म को भरा जा सकता है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने समाज के परिवारों की वास्तविक स्थिति और जरूरतों को समझने के लिए एक बड़ी पहल की है। समाज ने प्रदेशभर में ऑनलाइन परिवार सर्वेक्षण एवं जनगणना की शुरुआत की है। इस डिजिटल पहल के जरिए परिवार के सदस्यों की संख्या, शिक्षा, रोजगार, बेरोजगारी, पारिवारिक स्थिति और विवाह योग्य युवक-युवतियों से जुड़ा डेटा जुटाया जाएगा।
मोबाइल से कुछ ही मिनटों में भरें फॉर्म
सर्वेक्षण को बेहद सरल बनाया गया है जिसके लिए एक विशेष ऑनलाइन फॉर्म तैयार किया गया है। परिवार के लोग अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ही कुछ ही मिनटों में इस फॉर्म को आसानी से भर सकते हैं। छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने बताया कि आज के डिजिटल युग में ज्यादातर काम ऑनलाइन हो रहे हैं, इसलिए इस सर्वे को भी डिजिटल किया गया है ताकि लोगों को फॉर्म लेने या जमा करने के लिए कहीं चक्कर न काटने पड़ें।
रोजगार और शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
इस ऑनलाइन सर्वेक्षण के माध्यम से यह स्पष्ट हो सकेगा कि समाज के कितने युवा रोजगार से जुड़े हैं और कितने रोजगार की तलाश में हैं। इसके अलावा, स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग, उच्च शिक्षा, और करियर मार्गदर्शन जैसी जरूरतों की मुकम्मल जानकारी भी मिल सकेगी। इन आंकड़ों के आधार पर जरूरतमंद परिवारों और बच्चों के लिए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सहायता से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी पात्र परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
समाज के प्रमुख लोगों की रही मौजूदगी
वरिष्ठ समाजसेवी और बेबीलॉन होटल के मालिक सरदार जगजीत सिंह खनूजा ने कहा कि सिक्ख समाज हमेशा से मानवता और सेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है। इस सर्वेक्षण के जरिए जरूरतमंद परिवारों की मदद करना आसान होगा। इस लॉन्चिंग अवसर पर नरेंद्र सिंह हरगोत्रा, स्वर्ण सिंह चावला, कुलवंत सिंह खालसा, सुरजीत सिंह छाबड़ा, मनजीत सिंह भाटिया और देवेंद्र सिंह चावला सहित समाज के कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।