Top News

छत्तीसगढ़: बेटी को परेशान करने से रोका तो मां की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

2026-09-07 04:09:42 bhaskar_hindi
छत्तीसगढ़: बेटी को परेशान करने से रोका तो मां की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एकतरफा प्यार के विरोध पर महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। मृतका ने आरोपी को अपनी बेटी को परेशान करने से रोका था।


जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया है। आस्ता थाना क्षेत्र के हर्री गांव में एक महिला की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतका की पहचान 55 वर्षीय धनमनी बाई के रूप में हुई है, जिनके सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30) को झारखंड के रायडीह से गिरफ्तार कर लिया है।

एकतरफा प्यार बना खौफनाक वारदात की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवधेश राम मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। वह लगातार युवती से बातचीत करने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती और उसकी मां धनमनी बाई लगातार इसका विरोध कर रही थीं। इसी नाराजगी के चलते आरोपी महिला के घर पहुंचा और विवाद के दौरान घर में रखी कुल्हाड़ी से धनमनी बाई के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही महिला की मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था।

पति के लौटने पर हुआ खुलासा

घटना 3 सितंबर की है। मृतका के 63 वर्षीय पति ने पुलिस को बताया कि वह दोपहर को जंगल में मवेशी चराने गए थे। शाम करीब 6 बजे जब वे लौटे और घर के अंदर गए, तो उनकी पत्नी लहूलुहान अवस्था में मृत पड़ी थीं और पास ही कुल्हाड़ी पड़ी हुई थी। 4 सितंबर को आस्ता थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।

तकनीकी टीम की मदद से झारखंड से दबोचा गया आरोपी

पुलिस की विशेष टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पूछताछ और टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी झारखंड के रायडीह में छिपा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related