Politics

छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान: BJP के ‘घोटालों की क्लास’ पोस्टर पर कांग्रेस का पलटवार

2026-09-07 04:06:21 bhaskar_hindi
छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान: BJP के ‘घोटालों की क्लास’ पोस्टर पर कांग्रेस का पलटवार

छत्तीसगढ़ में शिक्षक दिवस के मौके पर बीजेपी द्वारा जारी ‘घोटालों की क्लास’ पोस्टर को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी पर पोस्टर राजनीति और 1100 करोड़ रुपये खर्च करने का गंभीर आरोप लगाया है।


दुर्ग: छत्तीसगढ़ में शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के अवसर पर शुरू हुए बीजेपी के तीन दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के बीच राजनीतिक पारा चढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्टर जारी किया है, जिसे ‘घोटालों की क्लास’ नाम दिया गया है।

इस पोस्टर में पूर्व सीएम भूपेश बघेल को एक क्लासरूम के आगे खड़े दिखाया गया है। साथ ही कैप्शन में लिखा गया है— ‘गुरु बिन ज्ञान कैसा... भूपेश बिन घोटाला कैसा...।’ बीजेपी ने इस के जरिए कांग्रेस के पिछले कार्यकाल के दौरान हुए कथित घोटालों पर बड़ा हमला बोला है।

कांग्रेस का पलटवार: 'पोस्टर के अलावा कुछ नहीं बचा'

बीजेपी के इस आक्रामक तेवर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन दीपक बैज ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने बीजेपी की पोस्टर पॉलिटिक्स पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अब सत्ताधारी दल के पास जनता को दिखाने के लिए पोस्टर के अलावा कुछ नहीं बचा है। बैज ने तंज कसते हुए कहा कि यदि बीजेपी के पास इतने ही पोस्टर हैं, तो उन्हें राज्य के सड़क किनारे लगे हर खंभे पर भी लगा देना चाहिए, क्योंकि पूरे प्रदेश में सरकार सिर्फ पोस्टरबाजी कर रही है।

1100 करोड़ के खर्च पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता दीपक बैज ने राज्य सरकार पर जनता के पैसों के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार केवल मुख्यमंत्री का चेहरा चमकाने और विज्ञापनों पर 1100 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर चुकी है। बैज ने सवाल उठाया कि आखिर यह भारी-भरकम राशि कहां खर्च हो रही है, जबकि ज़मीनी हकीकत कुछ और ही है।

Related