बेमेतरा जिले के काचरी गांव में चोरी की शिकायत वापस न लेने पर चार परिवारों का सामाजिक बहिष्कार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवारों ने कलेक्टर से गुहार लगाई है, जिसके बाद एसपी और एसडीएम को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले काचरी गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चोरी की शिकायत वापस नहीं लेने पर चार परिवारों के सामाजिक बहिष्कार किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। सोमवार को पीड़ित परिवारों के सदस्यों ने बेमेतरा पहुंचकर कलेक्टर को लिखित शिकायत दी और इस तुगलकी फरमान को रद्द कराने की मांग की।
2025 में हुई थी चोरी का मामला
शिकायतकर्ताओं रमेश साहू, अर्जुन साहू, मनोज साहू और कलाराम वर्मा ने ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों और कुछ ग्रामीणों पर बहिष्कार का आदेश जारी करने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, 24 मई 2025 को रमेश साहू के घर चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत साजा थाने में दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई की मांग करने पर परिवारों पर लगातार शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया।
नियम तोड़ने पर 10 हजार का जुर्माना
पीड़ितों के मुताबिक, अगस्त 2026 में हुई बैठकों में भी शिकायत वापस न लेने पर बहिष्कार का आदेश जारी किया गया। ग्रामीणों को इन परिवारों से बात न करने, उनके घर न जाने और कोई सामान न बेचने का फरमान सुनाया गया। आदेश का उल्लंघन करने वाले पर 10 हजार रुपये जुर्माना और सूचना देने वाले को 2,500 रुपये इनाम देने की बात कही गई थी। इस बहिष्कार की वजह से 4 परिवारों के 15 सदस्य प्रभावित हो रहे हैं, जिन्हें राशन-पानी के लिए 4 से 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) और SDM साजा को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद दोषियों पर शिकंजा कसने की उम्मीद जताई जा रही है।