रायपुर के माना कैंप थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा से दुर्ग कार में गांजा ले जा रहे एक आरोपी को 21 किलो से अधिक गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
रायपुर: अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ रायपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। माना कैंप थाना पुलिस ने ओडिशा से कार में गांजा लेकर दुर्ग जा रहे एक तस्कर को धर दबोचा है। आरोपी के कब्जे से 21.964 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10.98 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने गांजा और इस्तेमाल की गई अल्टो कार समेत कुल 13.48 लाख रुपए का माल जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 20 सितंबर की रात करीब 11.45 बजे एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि संदिग्ध कार के जरिए ओडिशा से गांजा दुर्ग ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही माना कैंप पुलिस ने मछली मार्केट के पास नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इस दौरान संदिग्ध अल्टो कार (CG 04 NN 6018) को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की।
डिक्की में छुपाकर रखे थे 11 पैकेट
भागने के दौरान कार एक अन्य वाहन और हाट बाजार के पास डिवाइडर से टकराकर रुक गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चालक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान राजेंद्र यादव, निवासी पिथौरा (महासमुंद) के रूप में बताई। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे दो सफेद-पीले रंग के बैग मिले, जिसमें खाकी टेप से पैक किए गए गांजे के 11 पैकेट बरामद हुए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से यह खेप लाकर दुर्ग में बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस इस अवैध कारोबार के मुख्य स्रोतों और दुर्ग में इसके नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।