श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बेमेतरा के कुर्मीपारा में 20 फीट ऊंची दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मानपुर की महामाया टीम ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।
बेमेतरा: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शहर के कुर्मीपारा वार्ड क्रमांक 20 में दही हांडी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। आयोजक योगेश वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों की संख्या में दर्शक और युवा शामिल हुए। किसान भवन परिसर में आयोजित इस उत्सव ने पूरे शहर को वृंदावन के रंग में रंग दिया।
मानपुर की महामाया टीम बनी विजेता
करीब 20 फीट ऊंची दही हांडी को फोड़ने के लिए युवाओं ने कई स्तरों का रोमांचक मानव पिरामिड बनाया। पिरामिड के सबसे ऊपर भगवान कृष्ण का रूप धारण कर पहुंचे युवक ने मटकी फोड़ी। प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपए था, जिसे मानपुर की महामाया टीम ने लगातार दूसरी बार जीतकर अपने नाम किया। विजेता टीम को 21 हजार रुपए नकद, मेडल और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 'सूर्य दल' के खिलाड़ियों को 5 हजार रुपए का विशेष पुरस्कार दिया गया।
दिग्गज जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर स्थानीय विधायक दीपेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा और पार्षद लकी साहू समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विधायक दीपेश साहू ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने आयोजन को भव्य बताते हुए बेमेतरा में वृंदावन जैसा माहौल होने की बात कही।
भविष्य में और भव्य होगा आयोजन
आयोजक योगेश वर्मा ने बताया कि भविष्य में इस आयोजन को और अधिक भव्य बनाया जाएगा और अगले साल से पुरस्कार राशि बढ़ाकर 1 लाख रुपए से अधिक करने की योजना है। कार्यक्रम के दौरान कचरा बोदरा की हास्य-सांस्कृतिक प्रस्तुति, डीजे और लाइटिंग ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।