महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पांच थाना क्षेत्रों से चुराई गई 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी चोरी की इन बाइकों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।
महासमुंद: जिले की बसना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पांच अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चुराई गई कुल 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी चोरी की इन बाइकों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
10 अगस्त को हुई थी पहली वारदात
मामले की शुरुआत 10 अगस्त को हुई थी, जब ग्राम खरोरा निवासी नरेश डडसेना की एचएफ डीलक्स (HF Deluxe) मोटरसाइकिल गढ़फुलझर के शहीद चौक के पास से चोरी हो गई थी। इस मामले में बसना थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी
जांच के दौरान 2 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जगदीशपुर रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने की फिराक में है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध टिकेश्वर बाघ (37), निवासी ग्राम बम्हनी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने 10 अगस्त की चोरी कबूल करने के साथ ही बसना, सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों से 11 अन्य मोटरसाइकिलें चुराने का भी खुलासा किया।
विभिन्न ब्रांड की 12 बाइकें जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम सावित्रीपुर के एक निर्माणाधीन मकान और उसके घर से पैशन प्रो, सीटी-100, एचएफ डीलक्स, प्लेटिना, ड्रीम युगा, सुपर स्प्लेंडर, ग्लैमर, सीडी डीलक्स और स्प्लेंडर प्लस जैसी कुल 12 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस अब इन वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर रही है और पुराने मामलों से मिलान किया जा रहा है।