रायपुर की गंज थाना पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर बेचने की कोशिश कर रहे उत्तर प्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1.85 लाख रुपये कीमत का 3.710 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
रायपुर: राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गंज थाना पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में बेचने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहे उत्तर प्रदेश के एक युवक को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो 710 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 85 हजार रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर नहरपारा रोड पर घेराबंदी
गंज थाना पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि आनंदम स्कूल के पास नहरपारा रोड पर एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा है। लाल रंग की फुलशर्ट और काली पैंट पहने इस युवक के पास एक लेदर बैग है, जिसमें ओडिशा से लाया गया अवैध गांजा रखा हुआ है और वह स्थानीय स्तर पर गांजा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
उत्तर प्रदेश का रहने वाला है आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शिवम मिश्रा (26), पिता छैल बिहारी मिश्रा, निवासी ग्राम उमरिया, थाना इटवा, जिला सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में दी है। जब पुलिस ने उसके लेदर बैग की तलाशी ली, तो उसमें से चार सफेद रंग की झिल्लियों में पैक किया हुआ गांजा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर कुल वजन 3.710 किलोग्राम निकला।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
गंज थाना प्रभारी दीपक पासवान ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शिवम मिश्रा के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 323/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह ओडिशा में किससे गांजा लाया था और रायपुर में किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाला था।