Local

रायपुर: जर्जर भवनों से गुजरेंगी गणेश झांकियां, रूट बदलने से समितियों का इंकार

2026-09-24 08:01:19 bhaskar_hindi
रायपुर: जर्जर भवनों से गुजरेंगी गणेश झांकियां, रूट बदलने से समितियों का इंकार

रायपुर में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने सदर बाजार से गणेश विसर्जन झांकियों का रूट बदलने का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, गणेश उत्सव समितियों ने रूट बदलने से असहमति जताई है, जिसके बाद सुरक्षा के दूसरे कड़े इंतजामों पर सहमति बनी है।


रायपुर: राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के रूट को लेकर प्रशासन और गणेश उत्सव समितियों के बीच बैठक हुई। सदर बाजार क्षेत्र में कई पुराने और जर्जर भवन होने के कारण सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए पुलिस और प्रशासन ने रूट बदलने का प्रस्ताव रखा था, जिसे समितियों के आयोजकों ने खारिज कर दिया है।

रूट बदलने पर असहमति, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बैठक में पुलिस, नगर निगम और SDRF के अधिकारियों ने जर्जर भवनों से जुड़े संभावित खतरों की जानकारी दी। रूट में बदलाव न होने पर प्रशासन ने अन्य सुरक्षा उपायों पर जोर दिया है। आयोजकों को निर्देश दिए गए हैं कि झांकियां तय रूट, निर्धारित समय और क्रम के अनुसार ही निकालें। रास्ते में झांकी को अनावश्यक रूप से रोकने से बचने और पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

डीजे का बेस-वाइब्रेशन मोड रहेगा बंद

सदर बाजार के जर्जर मकानों पर ध्वनि के कंपन (Vibration) के खतरे को देखते हुए, डीजे का बेस और वाइब्रेशन मोड पूरी तरह बंद रखने पर सहमति बनी है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के तहत ही करने को कहा गया है।

नशे और हथियारों पर रहेगी सख्त रोक

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के नशे का सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही, जुलूस में हथियार या धारदार वस्तुएं लेकर चलने पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। बैठक में कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी, निगम, PWD और SDRF के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related