रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन जुए की लत के चलते एक युवक ने अपने ही जीजा के सूने मकान को निशाना बनाया। पुलिस ने आरोपी साले को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 37 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
रायपुर: मukhbeeri की खास रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी के टिकरापारा इलाके में पुलिस ने एक सनसनीखेज चोरी का खुलासा किया है। कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ अनिल शर्मा के लक्ष्मी नगर स्थित सूने मकान से करीब 37 लाख रुपए के गहने चुराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी करने वाला कोई और नहीं, बल्कि प्रार्थी का अपना सगा साला ही निकला।
ऑनलाइन जुए की लत और भारी कर्ज
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पांडे (31) को ऑनलाइन जुआ खेलने की गंदी लत थी, जिसकी वजह से उस पर भारी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने ही बहनोई के घर को लूटने की शातिर योजना बनाई। आरोपी कुछ दिन पहले अपनी बहन के घर दो दिन रुका था, तभी उसे घर में रखे जेवरात और नकदी की जानकारी मिल गई थी।
ग्राइंडर मशीन से तोड़ा ताला
घटना के दिन आरोपी दीवार फांदकर मकान के अंदर घुसा और अपने साथ लाई छोटी ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी व ताला काट दिया। इसके बाद उसने अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने और हीरे के जेवरात चुरा लिए। शक से बचने के लिए उसने कुछ जेवर वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित कर दिया था ताकि चोरी का तुरंत पता न चल सके।
37 लाख के गहने बरामद, आरोपी गिरफ्तार
टिकरापारा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रियंक को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 25 तोला सोने के जेवर (कीमत करीब 37 लाख रुपए) बरामद कर लिए हैं। आरोपी मूल रूप से महासमुंद का रहने वाला है और वर्तमान में टिकरापारा के प्रिंस कॉलोनी में रह रहा था। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।