गरियाबंद जिले के मैनपुर-कुल्हाड़ीघाट मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम एक तेंदुआ सड़क पर दिखाई दिया। वन विभाग ने इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को सावधानी बरतने की अपील की है।
गरियाबंद: जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में वन्यजीवों की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली है। मंगलवार शाम मैनपुर-कुल्हाड़ीघाट मुख्य मार्ग पर अचानक एक तेंदुआ आ गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क पर तेंदुए को टहलते देख वहां से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक लीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेंदुआ कुछ देर तक सड़क पर आराम से विचरण करता रहा और इसके बाद सुरक्षित रूप से वापस जंगल की ओर लौट गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस दुर्लभ पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। ग्राम पंचायत कुल्हाड़ीघाट के सचिव प्रेम ध्रुव ने इस वायरल वीडियो की पुष्टि की है।
वन विभाग ने जारी की चेतावनी
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने इस मार्ग से यात्रा करने वाले वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी जारी की है:
- सड़क पर वाहन धीमी गति से चलाएं।
- तेंदुआ या अन्य वन्यजीव दिखने पर वाहन न रोकें और उचित दूरी बनाए रखें।
- शाम और रात के समय इस मार्ग पर विशेष सावधानी बरतें।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का यह क्षेत्र वन्यजीवों के लिए जाना जाता है, और अक्सर यहां इस तरह के नजारे देखने को मिलते हैं, लेकिन वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों से सतर्क रहने की अपील दोहराई है।