Politics

महासमुंद में कांग्रेस का 'वोट बचाओ-देश बचाओ' मार्च, CEC के इस्तीफे की मांग

2026-10-07 07:15:28 bhaskar_hindi
महासमुंद में कांग्रेस का 'वोट बचाओ-देश बचाओ' मार्च, CEC के इस्तीफे की मांग

महासमुंद में कांग्रेस ने ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। नेहरू चौक पर पुतला दहन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में गहमागहमी भी देखने को मिली।


महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत एक उग्र प्रदर्शन किया गया। 'वोट बचाओ-देश बचाओ' के नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से गांधी चौक और अंबेडकर चौक तक एक विशाल मार्च निकाला। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई गई।

संविधान के अनुच्छेद 326 का हुआ वाचन

अंबेडकर चौक पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया गया, जिसमें मताधिकार को लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया गया। नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मतदाता के अधिकार को सर्वोपरि करार दिया। यह पूरा प्रदर्शन कांग्रेस के 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ कार्यक्रम का हिस्सा था।

नेहरू चौक पर पुतला दहन के दौरान हंगामा

मार्च के समापन के बाद कार्यकर्ता नेहरू चौक पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। इस दौरान पुलिस ने पुतला बुझाने का प्रयास किया, जिसका कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया। विरोध के चलते पुतला पूरी तरह जल गया और मौके पर कुछ देर के लिए गहमागहमी की स्थिति बनी रही।

दिग्गज नेता रहे मौजूद

इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, छत्तीसगढ़ कांग्रेस सह प्रभारी विजय जांगिड़, बागबाहरा जनपद अध्यक्ष केवल चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, प्रभारी महामंत्री लक्ष्मण पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन चंद्राकर, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानिक साहू और संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related