मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर महासमुंद में कांग्रेस ने कलेक्टोरेट का घेराव किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई।
महासमुंद: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को महासमुंद शहर में एक उग्र रैली निकाली। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे।
नेहरू चौक पर फूंका पुतला, तीन लेयर की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश
कलेक्टोरेट पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और कलेक्टोरेट के पास तीन लेयर में बैरिकेडिंग की गई थी। कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तक पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झूमाझटकी भी देखने को मिली। हालांकि, पुलिस ने सूझबूझ से स्थिति को संभाल लिया।
दिग्गज नेताओं ने किया नेतृत्व
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने किया। इस दौरान रैली में सरायपाली विधायक चातुरी नंद, पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर, पूर्व विधायक देवेन्द्र बहादुर सिंह, शहर अध्यक्ष गुरमीत चावला, प्रभारी महामंत्री लक्ष्मण पटेल सहित कई अन्य प्रमुख नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
कलेक्टोरेट घेराव के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए CEC को तत्काल पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने भी चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए प्रदर्शन किया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया था।