दुर्ग में वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश भावनाओं पर नहीं, बल्कि विजन और दृढ़ इच्छाशक्ति से चलता है।
दुर्ग: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दुर्ग जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा-संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को दुर्ग सर्किट हाउस पहुंचे छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उनके साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी की 'फीलिंग' पर साधा निशाना
मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर कांग्रेस के आंदोलन और लगातार लगाए जा रहे आरोपों पर बोलते हुए केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संवैधानिक संस्थाओं पर तथ्यहीन और निरर्थक आरोप लगाती है। राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी के 'फील' करने के आधार पर देश की संवैधानिक संस्थाएं चलेंगी? मंत्री ने दो टूक कहा कि देश फीलिंग से नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसी दृढ़ इच्छाशक्ति और विजन से आगे बढ़ता है।
SIR एक नियमित और संवैधानिक प्रक्रिया
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध पर मंत्री कश्यप ने कहा कि यह एक पूरी तरह से नियमित और संवैधानिक प्रक्रिया है। संवैधानिक संस्थाएं अपने स्तर पर अपना काम कर रही हैं और इस प्रक्रिया का अभिनंदन किया जाना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर SIR को लेकर अनावश्यक राजनीतिक विवाद खड़ा करने और नकारात्मक प्रचार करने का भी आरोप लगाया।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा बताते हुए केदार कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते देश में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास में भी देश लगातार नए आयाम छू रहा है।