Top News

दुर्ग: कलेक्टर-SDM पर आपत्तिजनक स्टेटस लगाने वाला सरपंच गिरफ्तार

2026-11-03 09:52:09 bhaskar_hindi
दुर्ग: कलेक्टर-SDM पर आपत्तिजनक स्टेटस लगाने वाला सरपंच गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ आपत्तिजनक व्हाट्सएप स्टेटस लगाने के मामले में समोदा के सरपंच को गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी सरपंच को जेल भेज दिया गया है।


दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना समोदा गांव के सरपंच को भारी पड़ गया है। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक व्हाट्सएप स्टेटस लगाने के आरोप में समोदा के सरपंच अरुण गौतम को गिरफ्तार किया है। सोमवार को उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा गांव के रहने والے जितेंद्र देशमुख ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि सरपंच अरुण गौतम ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर दुर्ग के कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटी एक्ट की धारा 67 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया था।

एसडीएम कार्यालय से मिला था ज्ञापन

इस मामले में दुर्ग ग्रामीण एसडीएम कार्यालय की ओर से भी पुलिस को एक ज्ञापन भेजा गया था। 27 अक्टूबर 2026 को जारी इस ज्ञापन में व्हाट्सएप स्टेटस की जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। 28 अक्टूबर को ज्ञापन मिलने के बाद पुलिस ने औपचारिक रूप से मामला दर्ज कर अपनी जांच तेज कर दी थी।

सरपंच ने दी थी सफाई, बताया बेटे की गलती

विवाद बढ़ने के बाद सरपंच अरुण गौतम ने अपनी सफाई में कहा था कि उनके 8 साल के बेटे ने गलती से वह मैसेज व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया था। जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत स्टेटस हटा दिया था। सरपंच ने इसे अपने खिलाफ एक साजिश करार देते हुए विरोधियों पर गंभीर आरोप लगाए थे।

पहले भी भरवाया जा चुका है बांड

पुलिस के अनुसार, आरोपी सरपंच अरुण गौतम के खिलाफ पूर्व में भी बांड भरवाने की कार्रवाई की जा चुकी है। अब ताजा मामले में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उनका पुराना बांड जब्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेज दिया है। पुलिस इस मामले की अन्य पहलुओं से भी गहनता से जांच कर रही है।