Local

दुर्ग में तड़के पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 185 जवानों ने गुंडों के घर खंगाले

2026-10-07 07:13:52 bhaskar_hindi
दुर्ग में तड़के पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 185 जवानों ने गुंडों के घर खंगाले

दुर्ग पुलिस ने मंगलवार तड़के 4 बजे तीनों अनुभागों में विशेष अभियान चलाकर गुंडा-बदमाशों और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। इस 4 घंटे चले अभियान के दौरान धारदार हथियार, अवैध शराब और एक बिना नंबर की KTM बाइक बरामद की गई।


दुर्ग: अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने मंगलवार सुबह एक बड़ा और संयुक्त विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से शुरू होकर 8 बजे तक चले इस 4 घंटे के अभियान में जिले के तीनों पुलिस अनुभागों के कुल 185 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस की इस अचानक दबिश से अपराधियों और संदिग्धों में हड़कंप मच गया।

185 पुलिसकर्मियों ने की ताबड़तोड़ छापेमारी

अभियान के तहत दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुभागों के चिन्हित ठिकानों पर पुलिस बलों ने एक साथ कार्रवाई की। इसमें दुर्ग अनुभाग से 67, भिलाई नगर से 63 और छावनी अनुभाग से 55 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। पुलिस टीमों ने फरार आरोपियों, गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और वारंटियों के घरों और संभावित ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन किया तथा बाहरी संदिग्धों की जानकारी जुटाई।

खुर्सीपार और मोहन नगर में बड़ी बरामदगी

छावनी अनुभाग के खुर्सीपार थाना क्षेत्र स्थित देवार बस्ती और अटल आवास में पुलिस ने घर-घर जाकर तलाशी ली, जहां से कई स्थानों पर धारदार हथियार और अवैध शराब बरामद हुई। इन मामलों में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं, मोहन नगर थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश राहुल गाडा के घर के पास से एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी सामने आई है, जिसके स्वामित्व की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

प्रमुख प्रभावित इलाके

    • दुर्ग अनुभाग: उरला, अंबेडकर नगर, बांबे आवास, शंकर नगर, जवाहर नगर और ग्रीन चौक।
    • भिलाई नगर अनुभाग: फरीद नगर, डेरा बस्ती और सुपेला।
    • छावनी अनुभाग: खुर्सीपार देवार बस्ती और अटल आवास।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Related