छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने धान किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचने पर भी 21 क्विंटल की अंतर राशि और कृषक उन्नति योजना का लाभ पाएंगे।
छत्तीसगढ़ में धान के किसानों को लेकर विष्णुदेव साय सरकार ने एक बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। अब यदि कोई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल की बजाय 15 क्विंटल धान भी बेचता है, तब भी उसे पूरे 21 क्विंटल की अंतर राशि का पूरा लाभ मिलेगा। सरकार कृषक उन्नति योजना के तहत ऐसे किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की अतिरिक्त सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को इसकी घोषणा की, जिससे बस्तर और सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश के किसानों को सीधा फायदा होगा।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
राज्य में आगामी 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी की शुरुआत होने जा रही है, जो 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। सरकार 3,100 रुपए के समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदेगी, जिसमें पंजीकृत किसानों से 1 एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान लिया जाएगा। इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।
जनजातीय गौरव सप्ताह और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती
रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम साय ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष್ಯ में 11 से 18 नवंबर तक मनाए जा रहे 'जनजातीय गौरव सप्ताह' की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनजातीय वीरों के योगदान को अब उचित सम्मान मिल रहा है और केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497.96 करोड़ से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपए हो गया है। इस दौरान गांव से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों, दीपोत्सव और युवा संवाद का आयोजन किया जाएगा।