अंबिकापुर के शंकर घाट और घुनघुट्टा नदी घाट पर छठ महापर्व की व्यापक तैयारियां चल रही हैं। सरगुजा कलेक्टर और एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।
अंबिकापुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सरगुजा जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के प्रमुख शंकर घाट, घुनघुट्टा नदी घाट और पैलेस घाट सहित अन्य छठ घाटों पर हजारों श्रद्धालु सूर्योपासना करेंगे। पर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत और एसपी राजेश अग्रवाल ने प्रमुख घाटों का औचक निरीक्षण किया।
कलेक्टर और एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अजीत वसंत ने शंकर घाट पर महामाया छठ पूजन समिति के सदस्यों से चर्चा की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महामाया छठ पूजन समिति के संयोजक विजय सोनी ने बताया कि समिति द्वारा इस वर्ष 28वां छठ पूजन आयोजित किया जा रहा है, जहां करीब 40 हजार लोग एक साथ सूर्योपासना कर सकेंगे। वहीं, घुनघुट्टा छठ घाट पर 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम
प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग, नगर सैनिकों की तैनाती, पर्याप्त पुलिस बल, पार्किंग व्यवस्था और स्वास्थ्य टीम की तैनाती के निर्देश दिए हैं। नगर निगम द्वारा घाटों पर लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है। अंबिकापुर के रानी सती तालाब स्थित पैलेस घाट पर भी भव्य तैयारियां की गई हैं, जहां हजारों श्रद्धालु जुटेंगे।
13 नवंबर से होगी शुरुआत
चार दिवसीय इस महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को 'नहाए-खाए' के साथ होगी। 14 नवंबर को घाट बंधान और खीर भोज का आयोजन किया जाएगा, जबकि 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा।