Local

बिलासपुर में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मामा-भांजे से मारपीट, 7 हजार लूटे

2026-09-30 07:21:30 bhaskar_hindi
बिलासपुर में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मामा-भांजे से मारपीट, 7 हजार लूटे

बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मामा-भांजे के साथ डंडे, बेल्ट और पाइप से जमकर मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपियों ने 5 हजार कैश और PhonePe से 2 हजार ट्रांसफर करा लिए।


बिलासपुर: जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम बसहा में तालाब के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शराब के लिए पैसे नहीं देने पर कुछ बदमाशों ने मामा-भांजे को घेरकर बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने 5 हजार रुपए नकद और PhonePe के जरिए 2 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवा लिए।

पीड़ित गणेश कुमार चंद्राकर (निवासी किशुनगढ़, कबीरधाम) सीपत के डंगनिया में अपने जीजा के घर आए थे। 26 सितंबर की शाम वह अपने भांजे दुखभंजन के साथ ग्राम करमा अपने मामा के घर गए थे। रात करीब 10:30 बजे वे डंगनिया लौट रहे थे, तभी रात करीब 11 बजे बसहा गांव में तालाब के पास शुभम, कुलेश्वर, डब्बू और अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया।

डंडे, बेल्ट और पाइप से हमला

आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और डंडे, बेल्ट तथा पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में मामा-भांजे दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने जेब में रखे 5 हजार रुपए कैश छीन लिए और राहुल कुमार मरावी के नाम से संचालित खाते में PhonePe से 2 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए।

पुलिस ने दर्ज किया केस, परिजनों ने उठाए सवाल

घटना के बाद पीड़ितों ने सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुभम, कुलेश्वर, डब्बू और अन्य के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं (115(2), 119(1), 296, 3(5), 351(3)) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, परिजनों ने FIR में लूट की धारा न जोड़े जाने पर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल दोनों घायलों का बिलासपुर के SIMS अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किए जाने की खबर है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related