बिलासपुर के परसदा गांव के ग्रामीणों ने खारंग नदी में राखड़ पाटने की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में की। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एसडीएम को मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बिलासपुर: जिले के परसदा गांव के ग्रामीण खारंग नदी में लगातार राखड़ पाटने की गंभीर शिकायत लेकर कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नदी में अवैध रूप से राखड़ डाले जाने से पानी दूषित हो रहा है, जिससे जलीय जीवों और आसपास के पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बिलासपुर एसडीएम को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जनदर्शन में उमड़ी भीड़, कई समस्याएं आईं सामने
मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में एडीएम शिवकुमार बनर्जी और अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने भी आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बोड़सरा गांव के किसानों ने बताया कि अस्पताल के पास लगा ट्रांसफार्मर एक महीने से खराब है, जिससे सिंचाई बाधित होने के कारण उनकी धान की फसल चौपट हो रही है। किसानों ने जेई बरतोरी और एई बिल्हा पर अनदेखी का आरोप लगाया है।
ऋण पुस्तिका और पीएम आवास योजना को लेकर भी शिकायतें
बेलगहना तहसील के कोनचरा गांव की धनबाई गंधर्व ने तहसील कार्यालय से ऋण पुस्तिका न मिलने की शिकायत की, जिसपर कलेक्टर ने एसडीओ राजस्व कोटा को त्वरित निर्देश दिए। वहीं, सिरगिट्टी निवासी सुरेश साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की अंतिम किस्त न मिलने और मल्हार निवासी रामचरण कैवर्त ने शॉर्ट सर्किट से हुए आगजनी के नुकसान के मुआवजे की गुहार लगाई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निराकरण करने के आदेश दिए हैं।