Politics

असम में भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव, नागांव में कांग्रेस-BJP में झड़प

2026-09-22 05:53:06 bhaskar_hindi
असम में भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव, नागांव में कांग्रेस-BJP में झड़प

असम के नागांव में उपचुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के काफिले पर पथराव हुआ। घटना के बाद पुलिस और CRPF ने लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।


असम के नागांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान सोमवार को बड़ा राजनीतिक विवाद सामने आया। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के काफिले पर समागुड़ी के बरमा इलाके में पत्थरबाजी की घटना हुई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं की गाड़ियों के शीशे टूट गए और इलाके में भारी तनाव फैल गया।

इस काफिले में भूपेश बघेल के अलावा असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, धुबरी सांसद रकीबुल हुसैन और कांग्रेस उम्मीदवार सिबामोनी बोरा भी मौजूद थे। गोगोई और बघेल पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षा घेरे में वहां से निकाला गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से उनकी गाड़ी पर पत्थर और बोतलें फेंकी।

काले झंडे दिखाने के बाद बिगड़ी स्थिति

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब कांग्रेस नेताओं का काफिला चुनावी सभा के लिए जा रहा था, तब कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए और 'गो बैक' के नारे लगाए। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और काफिले पर पथराव शुरू हो गया। विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों के चेहरे ढके होने की भी बात सामने आई है। हिंसा के दौरान वाहनों के शीशे टूटने के साथ-साथ पत्रकारों के साथ भी कथित मारपीट की खबर है।

CRPF का लाठीचार्ज, 2 संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान मौके पर पहुंचे। भीड़ को हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पुलिस के अनुसार, सुरक्षाबलों पर भी पथराव किए जाने की सूचना मिली है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।

बता दें कि नागांव लोकसभा उपचुनाव के तहत 6 अक्टूबर को मतदान होना है और 9 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। कांग्रेस ने इस सीट से सिबामोनी बोरा और बीजेपी ने देबाशीष शर्मा को मैदान में उतारा है।