भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन ने टाउनशिप के करीब 4 हजार आवासधारियों को बड़ी राहत देते हुए किराए में 75 प्रतिशत तक की कटौती की है। अब रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों के लिए केवल 6 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से मासिक किराया देना होगा।
भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप में रहने वाले लगभग 4 हजार परिवारों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। बीएसपी प्रबंधन के नगर सेवाएं विभाग ने संशोधित किराया आदेश जारी करते हुए रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का मासिक किराया घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट कर दिया है। 2 नवंबर को जारी इस आदेश से टाउनशिप में रहने वाले कुल 3,946 आवासधारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रिटेंशन श्रेणी में 75% और थर्ड पार्टी में 25% की कटौती
नई दरों के लागू होने से रिटेंशन श्रेणी के आवासधारियों को सबसे अधिक 75 प्रतिशत की राहत मिली है। पहले इस श्रेणी में 24 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से 500 वर्गफीट के मकान के लिए 12 हजार रुपए प्रतिमाह किराया देना पड़ता था, जो अब घटकर मात्र 3 हजार रुपए रह जाएगा। इससे इन परिवारों को हर महीने 9 हजार रुपए यानी सालाना 1 लाख 8 हजार रुपए की बचत होगी। वहीं, थर्ड पार्टी श्रेणी का किराया 8 रुपए से घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट किया गया है, जिससे इस वर्ग के 2,788 परिवारों को 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलेगी आर्थिक राहत
इस ऐतिहासिक फैसले से संयंत्र के रिटायर्ड कर्मचारियों को सबसे ज्यादा सहूलियत होगी। सेवानिवृत्ति के बाद अपनी सीमित पेंशन आय पर जीवनयापन कर रहे परिवारों के लिए पुराना किराया भारी आर्थिक बोझ बना हुआ था। अब दोनों श्रेणियों के लिए समान दर लागू होने से टाउनशिप के हजारों परिवारों के मासिक खर्च में बड़ी कमी आएगी।
जमा किए गए अतिरिक्त किराए का होगा समायोजन
संशोधित आदेश में नई किराया दर को पिछली अवधि से लागू करने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत जिन आवासधारियों ने पहले की उच्च दरों के हिसाब से अधिक किराया जमा कर दिया है, उनकी अतिरिक्त राशि का समायोजन (Adjustment) आगामी किराए में किया जाएगा। नगर सेवाएं विभाग जल्द ही इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया जारी करेगा।