Local

भिलाई में पीएम ई-बस का सफल ट्रायल, जल्द सड़कों पर दौड़ेंगी 20 इलेक्ट्रिक बसें

2026-11-19 09:31:10 bhaskar_hindi
भिलाई में पीएम ई-बस का सफल ट्रायल, जल्द सड़कों पर दौड़ेंगी 20 इलेक्ट्रिक बसें

भिलाई और दुर्ग में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए पीएम ई-बस सेवा का ट्रायल शुरू हो गया है। पहले चरण में 20 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी, जिससे यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित सफर का विकल्प मिलेगा।


भिलाई: शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। पीएम ई-बस सेवा के तहत भिलाई में इलेक्ट्रिक बस का सफल ट्रायल किया गया। ट्रायल के लिए एक बस भिलाई पहुंची, जिसके साथ ही शहर में ई-बस सेवा शुरू होने की तैयारियां तेज हो गई हैं। शासन ने दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है, जिनमें से पहले चरण में 20 बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को आवागमन का एक नया और बेहतर विकल्प मिलेगा। पर्यावरण के अनुकूल इन इलेक्ट्रिक बसों के चलने से डीजल और पेट्रोल से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता काफी हद तक कम होगी।

डिपो और चार्जिंग व्यवस्था

बसों के रखरखाव और संचालन के लिए दुर्ग के कादंबरी नगर (सिकोला भाठा) और उरला क्षेत्र में ई-बस डिपो तैयार किया जा रहा है। यहां बसों की पार्किंग के साथ-साथ आधुनिक चार्जिंग पॉइंट भी बनाए गए हैं, जहां से बसें चार्ज होकर शहर में यात्रियों के लिए निकलेंगी।

इन रूटों पर होगा संचालन

ई-बस सेवा के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले कई रूट तैयार किए गए हैं, जिनसे यात्रियों को काफी आसानी होगी:

    • दुर्ग बस स्टैंड से पावर हाउस, बेरला, साजा और गंडई
    • दुर्ग रेलवे स्टेशन से गुण्डरदेही, चंदूलाल अस्पताल, पाटन, उतई
    • दुर्ग रेलवे स्टेशन से रायपुर बस स्टैंड, माना एयरपोर्ट और नया रायपुर

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी बसें

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ई-बसों में सीसीटीवी कैमरे, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग और मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुकिंग जैसी हाई-टेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हालांकि, बसों के नियमित संचालन की तारीख, किराया और समय-सारिणी को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।