Local

रायपुर में ड्राई डे पर आबकारी विभाग का एक्शन, महंगी शराब और कार जब्त

2026-09-07 04:05:49 bhaskar_hindi
रायपुर में ड्राई डे पर आबकारी विभाग का एक्शन, महंगी शराब और कार जब्त

कृष्ण जन्माष्टमी के शुष्क दिवस पर रायपुर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.86 लीटर से अधिक अवैध शराब और एक कार जब्त की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिले में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।


रायपुर: कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर घोषित 'ड्राई डे' (शुष्क दिवस) के दौरान अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए रायपुर आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर कुल 14.86 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की गई है। इस मामले में कुल 3 प्रकरण दर्ज किए गए हैं और परिवहन में प्रयुक्त एक कार को भी जब्त किया गया है।

पाजी द पिंड ढाबा पर बड़ी कार्रवाई

आबकारी विभाग की पहली कार्रवाई 'पाजी द पिंड ढाबा' के पास की गई। यहां आरोपी ईशु पाल भसीन के कब्जे से होंडा WR-V कार (कीमत करीब 6.50 लाख रुपए) में रखी मध्य प्रदेश की महंगी विदेशी शराब की 8 बोतलें बरामद हुईं। जब्त शराब की मात्रा 6 लीटर और कीमत करीब 15,856 रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

खम्हारडीह और सोनबेरी में भी दबिश

दूसरी कार्रवाई थाना खम्हारडीह क्षेत्र में हुई, जहां राजू मलिक के पास से 21 पाव देशी मदिरा मसाला और 2 बोतल बीयर (कुल 5.08 बल्क लीटर, कीमत 2,580 रुपए) जब्त की गई। वहीं तीसरी कार्रवाई थाना मंदिर हसौद के ग्राम सोनबेरी में की गई, जहां राहुल जांगड़े के कब्जे से 21 पाव 'रोमियो मसाला' (3.78 बल्क लीटर, कीमत 2,100 रुपए) बरामद हुआ। इन दोनों आरोपियों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई है।

लगातार निगरानी जारी

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवसों और त्योहारों के दौरान अवैध मदिरा के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह की औचक निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।

Related