Local

मनेन्द्रगढ़ में चोरी की 3 वारदातों का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

2026-09-12 05:11:56 bhaskar_hindi
मनेन्द्रगढ़ में चोरी की 3 वारदातों का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

मनेन्द्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने चोरी की तीन बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से कॉपर वायर, लोहे की छड़ और मोटर पंप बरामद किया है।


मनेन्द्रगढ़: स्थानीय कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामान की पहचान संबंधित शिकायतकर्ताओं से कराई गई है।

चार विशेष टीमों का हुआ था गठन

पुलिस के मुताबिक, मनेन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरियों पर लगाम कसने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की।

इन मामलों का हुआ खुलासा

    • पहला मामला: रेलवे कॉलोनी निवासी गुरुदत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी हुआ था। इस मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय राकेश यादव को गिरफ्तार किया है।
    • दूसरा मामला: वार्ड नंबर 9 पेंड्रा दफाई स्थित हुसैन के गोदाम से दो क्विंटल लोहे की छड़ और कटर मशीन चोरी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में अरमान अंसारी (22) और सुमित सिंह को गिरफ्तार कर लोहे की छड़ें बरामद की हैं।
    • तीसरा मामला: चनवारीडांड स्थित एचआर इंडस्ट्रीज परिसर से मोटर पंप चोरी हुआ था। पुलिस ने सुभाष कुमार और 19 वर्षीय ऋषि कुमार को गिरफ्तार कर करीब 14 हजार रुपये कीमत का मोटर पंप बरामद किया है।

महिलाओं की पहरेदारी रहेगी जारी

एक तरफ जहां पुलिस ने चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, वहीं दूसरी ओर रेलवे कॉलोनी की महिलाएं सुरक्षा को लेकर अब भी सतर्क हैं। चोरी की घटनाओं से खौफजदा महिलाएं पिछले 6 दिनों से हाथों में लाठी-डंडे लेकर रात में खुद पहरेदारी कर रही हैं। महिलाओं का कहना है कि जब तक चोरी के असली मास्टरमाइंड और क्षेत्र में नशे का कारोबार पूरी तरह बंद नहीं होता, तब तक उनका यह नाइट पेट्रोलिंग अभियान जारी रहेगा।

Related